कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित लोकप्रिय पर्यटक स्थल पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए एक भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। इस हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। आतंकी संगठन द रेसिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ), जो लश्कर-ए-तैयबा का सहयोगी माना जाता है, ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। यह हमला बैसरन घाटी के ऊपरी इलाकों में हुआ, जहां आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की।
हमले की जानकारी मिलते ही गृहमंत्री अमित शाह ने आपात बैठक बुलाई और तुरंत श्रीनगर रवाना हो गए। उन्होंने सुरक्षा अधिकारियों से घटना की डिटेल ली और अस्पताल में घायलों से मिलने की योजना बनाई। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए देशवासियों को भरोसा दिलाया कि आतंकियों को बक्सा नहीं जाएगा।
वहीं, इस घटना पर बॉलीवुड से लेकर नेताओं तक सभी ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। प्रमुख फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर इस कायरतापूर्ण हमले की निंदा की है।
कुमार विश्वास की प्रतिक्रिया:
कुमार विश्वास ने लिखा, “धर्म पूछकर निरपराध पर्यटकों को गोली मारने वाले भी किसी मज़हब के पैरोकार हो सकते हैं? दुनिया को, देश को जागना होगा और आतंकवादी विचार और उसके अंदर-बाहर के समर्थकों, सहानुभूति रखने वालों को बेनक़ाब करना होगा। जिनके परिजनों की मृत्यु हुई है उनके परिवारों के प्रति सहानुभूति। आतंकी भेड़ियों को चेतावनी कि कश्मीरी व भारतीय न झुके थे न झुकेंगे। बदला लिया जाएगा।”
सोनू सूद का ट्वीट:
सोनू सूद ने भी आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए लिखा, “कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। आतंकवाद को एक सभ्य दुनिया में कोई स्थान नहीं होना चाहिए, और यह घिनौना कृत्य अस्वीकार्य है। उन परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया और जो घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ॐ साई राम।”
अक्षय कुमार की प्रतिक्रिया:
अक्षय कुमार ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। इस तरह से निर्दोष लोगों की हत्या करना सरासर पाप है। उनके परिवार के लिए प्रार्थना करता हूं।”
संजय दत्त का गुस्से में बयान:
इस घटना पर अभिनेता संजय दत्त ने भी गुस्से में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “उन्होंने हमारे लोगों को बेरहमी से मारा। इन्हें माफ नहीं किया जा सकता, इन आतंकवादियों को पता होना चाहिए कि हम चुप नहीं बैठेंगे। हमें जवाबी कार्रवाई करनी होगी, मैं हमारे प्रधानमंत्री जी, गृह मंत्री जी और रक्षा मंत्री जी से अनुरोध करता हूं कि उन्हें वह सजा दी जाए जिसके वे हकदार हैं।”
इस घटना के बाद से कश्मीर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थानीय प्रशासन द्वारा बचाव कार्य जारी है। यह हमला फिर से आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत संदेश देने की आवश्यकता की ओर इशारा करता है, ताकि ऐसे कृत्यों को हमेशा के लिए समाप्त किया जा सके।