बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। एक तरफ जहा सोशल मीडिया पर उन्हें बुरी तरह ट्रोल किया जा रहा है तो वहीं उनके खिलाफ सड़कों पर हंगामा भी देखने को मिल रहा है। अनुराग कश्यप के खिलाफ कई शहरों में शिकायत दर्ज हुई है।
दरअसल उन्होंने ब्राह्मणों को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद हर कोई उनकी आलोचना करने लगा था। उन्होंने अनंत महादेवन की फिल्म ‘फुले’ की रिलीज में हो रही देरी को लेकर अपनी भड़ास निकाली थी और ब्राह्मण समुदाय पर निशाना साधा था उन्होंने एक ऐसा पोस्ट किया था, जिसके बाद लोग भड़क उठे थे। इसी बीच जाने-माने लेखक और गीतकार मनोज मुंतशिर ने उन्हें उनकी अभद्र टिप्पणी के लिए ललकारा है।
मनोज मुंतशिर ने लगाई फटकार
मनोज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह कहते हैं, “तुम्हारे जैसे हजारों नफरती खत्म हो जाएंगे, लेकिन ब्राह्मणों की परंपरा और गौरव अटल रहेगा। आमदनी कम हो तो खर्चों पर और जानकारी कम हो तो शब्दों पर कंट्रोल रखना चाहिए। अनुराग कश्यप तुम्हारी तो आमदनी भी कम है और जानकारी भी, इसलिए दोनों पर लगाम लगाओ। तुम्हारे शरीर में इतना पानी नहीं है कि ब्राह्मणों की विरासत को एक इंच भी दूषित कर पाओ। हालांकि, जैसा कि आपने अपनी इच्छा जाहिर की है, मैं आपके घर कुछ तस्वीरें भेजना चाहूंगा। फिर आप तय करें कि आप अपना गंदा पानी किस पर डालना चाहते हैं।”
इसके बाद मनोज ने आचार्य चाणक्य, चंद्रशेखर तिवारी आजाद, बाजीराव बल्लाड, भगवान परशुराम, रामकृष्ण परमहंस, रामधारी सिंह दिनकर, आदि शंकराचार्य, मंगल पांडे और तात्या टोपे जैसे कई महान नाम लिए और कहा कि तुम्हारे जैसे अनगिनत नफरती खत्म हो जाएंगे, लेकिन हमारी गौरवशाली परंपरा खत्म नहीं होगी। मनोज मुंतशिर ने अनुराग कश्यप को हिदायत दी रहने के लिए दुनिया में कई अच्छी जगहें हैं, लेकिन सबसे अच्छा यही है कि औकात में रहो।
औकात में रहो
सिर्फ मनोज मुंतशिर ही नहीं केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने भी इस मामले पर कहा है कि यह नीच व्यक्ति अनुराग कश्यप सोचता है कि वह पूरे ब्राह्मण समुदाय पर गंदी बातें कहकर बच जाएगा? अगर उसने तुरंत सार्वजनिक माफी नहीं मांगी, तो मैं कसम खाता हूं कि उसे कहीं शांति नहीं मिलेगी। इस गंदे मुंह वाले के नफरत भरे बोल अब और बर्दाश्त नहीं। हम चुप नहीं रहेंगे!”
ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी के मामले में अनुराग कश्यप के खिलाफ दिल्ली के तिलक मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत उज्ज्वल गौड़ नामक व्यक्ति ने दर्ज कराया है। गौड़ ने अपनी शिकायत में कहा कि अनुराग कश्यप की टिप्पणी न केवल घिनौनी और अशोभनीय है, बल्कि समाज में नफरत फैलाने, सार्वजनिक शांति भंग करने और सांप्रदायिक तनाव को बढ़ावा देने वाली है।
अनुराग कश्यप ने मांगी माफी
हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद शुक्रवार को अनुराग कश्यप ने इस टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “यह मेरी माफी है, मेरे पोस्ट के लिए नहीं, बल्कि उस एक पंक्ति के लिए जिसे संदर्भ से काटकर पेश किया गया और जिसके चलते घृणा फैल रही है। कोई भी बात या बयान ऐसा नहीं है कि आपके परिवार, दोस्तों, बेटियों को बलात्कार और जान से मारने की धमकी मिले।”
अनुराग कश्यप ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, “जो कहा गया है, वो वापस नहीं लिया जा सकता और मैं उसे वापस नहीं लूंगा। आप मुझे गाली दीजिए, लेकिन मेरी फैमिली ने कुछ नहीं कहा। इसलिए अगर आपको माफी चाहिए, तो ये रही मेरी माफी। ब्राह्मणों से बस इतना कहूंगा कि महिलाओं को बख्शिए, इतना तो शास्त्रों में भी सिखाया गया है, सिर्फ मनुस्मृति में नहीं।”
क्या है मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला शुरू हुआ फिल्म ‘फुले’ के ट्रेलर रिलीज के साथ। डायरेक्टर अनंथ महादेवन की ये फिल्म ‘ज्योतिबा फुले’ की जिंदगी की कहानी बताती है। ज्योतिबा फुले समाज सुधारक थे जिन्होंने 19वीं सदी में लड़कियों की शिक्षा पर जोर दिया। हाल ही में उनकी जिंदगी पर बनी फिल्म ‘फुले’ का ट्रेलर रिलीज हुआ था। जिसका विरोध भी देखने को मिला। फिल्म की रिलीज से पहले ही महाराष्ट्र के ब्राह्मण समुदाय ने नाराजगी दर्ज कराई गई। जिसके बाद फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ाना पड़ा था। ब्राह्मणों की तरफ से आरोप लगाया है कि किरदारों का गलत चित्रण किया गया है। ऐसे में जब फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ी तो अनुराग कश्यप बिफर पड़े और सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाल डाली।

